लखनऊ, 11 फरवरी 2026:
यूपी के इटावा के सैफई स्थित प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की लखनऊ में हुई बैठक में सीएम योगी ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले कई अहम फैसलों की घोषणा की। सबसे बड़ा ऐलान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के पास 250 बेड वाले लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर की स्थापना का है। यह ट्रॉमा सेंटर सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में घायलों को त्वरित और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में एक्सप्रेस-वे विश्वविद्यालय परिसर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है, जिससे गंभीर रूप से घायल मरीजों को इलाज तक पहुंचने में कीमती समय नष्ट होता है। प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर के शुरू होने से गोल्डन ऑवर के भीतर इलाज संभव हो सकेगा और कई जिंदगियों को बचाया जा सकेगा। इस केंद्र का संचालन स्वयं प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय करेगा। इससे सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी सुनिश्चित होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में ‘सेंटर फॉर रूरल हेल्थ’ की स्थापना का निर्णय लिया गया है। इसके तहत टेली-ओपीडी, वर्चुअल ओपीडी, डिजिटल डेटा इंटीग्रेशन और मोबाइल मेडिकल आउटरीच जैसी आधुनिक सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इससे दूर-दराज के गांवों तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से पहुंच सकेंगी।
बैठक में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विस्तार, चिकित्सा शिक्षा और शोध गतिविधियों को मजबूती देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सैफई को पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के लिए उच्चस्तरीय चिकित्सा, शिक्षण और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटिव मेडिसिन यूनिट की स्थापना का फैसला हुआ है, जहां एलोपैथी और आयुष पद्धतियों का समन्वय कर रोगी-केंद्रित उपचार दिया जाएगा। योग एवं वेलनेस इकाइयों के जरिए जीवनशैली आधारित स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की पहल भी की जाएगी।
स्वास्थ्य जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए कम्युनिटी ब्रॉडकास्ट सर्विस शुरू की जाएगी जिसके माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, रोग-निवारण और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी सीधे आमजन तक पहुंचेगी। इन पहलों के साथ सैफई को प्रदेश के हेल्थकेयर मैप पर एक नए और मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित करने की ठोस तैयारी शुरू हो चुकी है।






