Lucknow City

लखनऊ में आज बिजली-पानी का संकट, कई इलाकों में घंटों ठप रहेगी सप्लाई, हजारों लोग होंगे प्रभावित

मरम्मत कार्य के चलते अलीगंज सेक्टर-जे, सेक्टर-डी, सेक्टर-एच, पुरनिया गांव व गोमतीनगर इलाके में बिजली सप्लाई बंद रहेगी, टंकी की सफाई के कारण इंदिरानगर इलाके में आज शाम होगा पेयजल संकट

लखनऊ, 24 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज हजारों लोगों को बिजली और पानी की परेशानी से जूझना पड़ेगा। शहर के कई इलाकों में सुधार और रखरखाव कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी जबकि इंदिरानगर के कई क्षेत्रों में शाम के समय पेयजल संकट की स्थिति बनेगी। ठंड के मौसम में बिजली कटौती से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।

बिजली विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अलीगंज क्षेत्र में गोयल चौराहा उपकेंद्र से जुड़े सेक्टर-जे, सेक्टर-डी, सेक्टर-एच और पुरनिया गांव में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं एचएएल उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले भूतनाथ मार्केट और बी-ब्लॉक में सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी।

इसके अलावा अहिबरनपुर उपकेंद्र से जुड़े शिवनगर ब्रह्मदेव मार्ग क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। गोमतीनगर के विराजखंड उपकेंद्र से संचालित विनम्र खंड-तीन में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली बंद रहेगी। वहीं विभूति खंड उपकेंद्र के अंतर्गत सीईईए, आईआईए और पीएचडी चैंबर क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी।

दूसरी ओर शहर के इंदिरानगर इलाके में आज शाम पेयजल संकट की स्थिति बन सकती है। जलकल विभाग के अनुसार सेक्टर-12 में पानी की टंकी की सफाई का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते सेक्टर-12, सेक्टर-13, नंदिनी विहार और ईश्वरपुरी सहित आसपास के इलाकों में करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित होगी।

जलकल के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि आज सुबह नियमित जलापूर्ति के बाद टंकी की सफाई शुरू की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सुबह के समय पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर कर लें, ताकि शाम के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि कार्य पूरा होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button