
लखनऊ, 31 अगस्त 2026:
जरूरतमंदों की मदद, रक्तदान और मरीजों की सेवा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी को जनभवन (राजभवन) में आयोजित सोसाइटी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सम्मानित किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ शाखा की सराहनीय गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए उसे प्रमाण पत्र प्रदान किया। लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता और आपदा प्रबंधन अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
इह दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति ब्रजेश पाठक, उपसभापति अमरनाथ मिश्र, सचिव रामानंद कटियार, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी दिल्ली की संयुक्त सचिव बांसुरी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सदस्य मौजूद रहे।
लखनऊ शाखा के सचिव अमरनाथ मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्था ने सेवा कार्यों का व्यापक अभियान चलाया। टीम ने 297 लोगों से रक्तदान कराया, जबकि क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित मरीजों को 486 पोषण पोटली वितरित की गईं। सदस्यता अभियान के तहत 8 पैट्रन मेंबर बनाए गए और छह जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं के मोर्चे पर भी संस्था ने अहम योगदान दिया। अस्पतालों को 50 व्हीलचेयर और 50 स्ट्रेचर उपलब्ध कराए गए। वहीं सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल बांटने के साथ 10 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल भी दी गईं। राज्यपाल से मिला सम्मान लखनऊ रेड क्रॉस की इन्हीं मानवीय गतिविधियों की सार्वजनिक सराहना के तौर पर देखा जा रहा है।






