लखनऊ, 8 फरवरी 2026:
लखनऊ की गोमती नदी जल्द ही शहर के लिए नया पर्यटन आकर्षण बनने जा रही है। जल्द ही नदी में टूरिस्ट क्रूज लोगों को सैर और मनोरंजन का नया अनुभव देगा। इस क्रूज में एक साथ करीब 200 लोग सफर कर सकेंगे। हनुमान सेतु के पास रिवर फ्रंट पर इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
पांच महीने में शुरू होगा संचालन
रविवार को एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्य को पांच महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गोमती नदी में टूरिस्ट क्रूज चलाने के लिए आरएफपी जारी की गई थी, जिसके तहत कोलकाता की कंपनी बालाजी सेल्स एंड पूर्णिमा इंटरप्राइजेज का चयन किया गया है। क्रूज के शुरू होने से लखनऊ में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और गोमती रिवर फ्रंट शहरवासियों के साथ सैलानियों के लिए भी खास आकर्षण बनेगा।
16 करोड़ की लागत, पूरा खर्च कंपनी उठाएगी
क्रूज के निर्माण पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस पूरी लागत को कंपनी खुद वहन करेगी। क्रूज के संचालन शुरू होने के बाद कंपनी हर साल एलडीए को 16 लाख रुपये रेवेन्यू के रूप में देगी।
45 मीटर लंबा, होंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रथमेश कुमार ने बताया कि क्रूज की लंबाई 45 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसमें एक बार में 200 सवारियां सफर कर सकेंगी। क्रूज का संचालन हनुमान सेतु से गोमती बैराज के बीच किया जाएगा और एक चक्कर पूरा करने में करीब 30 से 45 मिनट का समय लगेगा। क्रूज के निचले हिस्से में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल स्क्रीन और वीआईपी लाउंज होंगे। ऊपरी डेक पर ओपन रेस्टोरेंट की सुविधा दी जाएगी, जहां लोग नदी के नजारों का लुत्फ उठा सकेंगे।
300 रुपये तक हो सकता है किराया
क्रूज की सैर के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये टिकट प्रस्तावित किया गया है। लंच, डिनर और बुफे जैसी सुविधाओं के लिए अलग से भुगतान करना होगा।
बच्चों को मिलेगी मरीन लाइफ की जानकारी
क्रूज पर एक कैप्टन के साथ पांच मरीन क्रू मेंबर्स तैनात रहेंगे। राइड शुरू होने पर कैप्टन पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को क्रूज की खासियतों और संचालन के बारे में जानकारी देगा। बच्चों के लिए मरीन लाइफ से जुड़ी रोचक बातें बताई जाएंगी और युवाओं के लिए मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था होगी।






