लखनऊ, 21 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में ठंड के बीच बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आज भी शहर के हजारों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। बिजली विभाग की ओर से मरम्मत और रखरखाव कार्यों का हवाला देकर कई इलाकों में अलग-अलग समय पर आपूर्ति बाधित की जाएगी।
शहर के महानगर क्षेत्र के अहिबरनपुर उपकेंद्र से जुड़े भांडू मोहल्ला और वाल्मीकि कॉलोनी में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी। वहीं जानकीपुरम इलाके में चक्करपुरवा, पिंक सिटी, मुबारकपुर चौराहा, साईं विहार, अनंत विहार, कृष्णा विहार और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। जानकीपुरम उपकेंद्र के सेक्टर-4 और सेक्टर-5 में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी।
गोमतीनगर क्षेत्र भी कटौती से अछूता नहीं रहेगा। विपिन खंड उपकेंद्र के अंतर्गत मनोज पांडेय चौराहा, सिटी मॉल, सीएमएस और एलडीए कॉलोनी में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। इसी तरह गोमतीनगर के विराजखंड में भी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली नहीं आएगी। ग्वारी गांव, विराम खंड-3 और विराम खंड-4 में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कटौती होगी।
इसके अलावा गोमतीनगर के विशालखंड में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक बिजली बंद रहेगी। विपुल खंड के एक, दो और तीन में दोपहर 3 बजे आधे घंटे के लिए सप्लाई बाधित रहेगी।
ठंड के मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग खासे नाराज हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग को ठंड के मौसम में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ मरम्मत कार्य करना चाहिए ताकि आम जनजीवन पर इसका असर कम पड़े।






