
लखनऊ, 1 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके विक्रमादित्य मार्ग पर आज से यातायात व्यवस्था बदली जा रही है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से विक्रमादित्य मार्ग की क्रॉसिंग संख्या-213 स्पेशल पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते यहां ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। इससे इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले हजारों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

विक्रमादित्य मार्ग राजधानी का बेहद महत्वपूर्ण इलाका है। यहां समाजवादी पार्टी का प्रदेश मुख्यालय होने के साथ ही कई मंत्रियों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के आवास भी हैं। ऐसे में निर्माण अवधि के दौरान यातायात का दबाव वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आरओबी का निर्माण पूरा होने तक तीन प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। डायवर्जन को सुचारु बनाए रखने के लिए रेलवे और कार्यदायी संस्था की ओर से बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड और साइनेज लगाए जाएंगे। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि निर्माण अवधि में निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
इन रास्तों से निकलेंगे वाहन
पिपराघाट से गौतमपल्ली की ओर : वाहन दिलकुशा तिराहे से बाएं मुड़कर कटाईपुल, लालबागी चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा होते हुए गंतव्य तक जा सकेंगे।
अर्जुनगंज से दिलकुशा तिराहे की ओर : वाहन दिलकुशा तिराहे से गौतमपल्ली की तरफ न जाकर बाएं मुड़ेंगे और कटाईपुल, लालबत्ती चौराहा व बंदरियाबाग चौराहा होते हुए आगे जाएंगे।
बंदरियाबाग से दिलकुशा तिराहे की ओर : वाहन सीधे दिलकुशा तिराहे की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें बैंडीखेड़ा चौराहे से बाएं मुड़कर कटाईपुल तिराहा, दिलकुशा चौराहा होते हुए पिपराघाट या अर्जुनगंज बाजार की ओर जाना होगा।






