Lucknow City

लखनऊ में दो दिन पानी का संकट : अलीगंज इलाके में हजारों घरों की जलापूर्ति रहेगी बाधित

ओवरहेड वाटर टैंक से जुड़ा कार्य होने के कारण 27 और 28 जनवरी पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी, इसका असर सुबह और शाम की सप्लाई पर ज्यादा होगा, पहले से पानी स्टोर करने की विभाग ने दी सलाह

लखनऊ, 25 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के लोगों को एक बार फिर पानी की परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अलीगंज इलाके में रहने वाले हजारों उपभोक्ताओं के लिए 27 और 28 जनवरी के दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। अलीगंज कॉलोनी के सेक्टर-बी में नवनिर्मित ओवरहेड वाटर टैंक से जुड़ा कार्य प्रस्तावित होने के कारण इन दो दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

जलकल विभाग के अनुसार यह कार्य जोन-तीन के अंतर्गत आने वाले अलीगंज क्षेत्र में किया जाएगा। ओवरहेड टैंक को चालू करने और उससे जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं के चलते नियमित जलापूर्ति आंशिक या पूरी तरह से बाधित हो सकती है। इसका असर सुबह और शाम की सप्लाई पर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

इस संबंध में जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ने लोगों से कहा है कि वे पहले से ही पीने और घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें जिससे किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। उनके मुताबिक यह कार्य क्षेत्र में भविष्य में बेहतर और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लोग पीएसएस अरुण सिंह से मोबाइल नंबर 8177054122 पर या अवर अभियंता आशुतोष कुमार से नंबर 7052243530 पर संपर्क कर सकते हैं। अस्थायी असुविधा के बाद क्षेत्र को बेहतर जलापूर्ति सुविधा का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button