Lucknow City

लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में छाए काले बादल…सुबह दिखा रात का मंजर, बारिश संग हवा से ठिठुरन

सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की हेडलाइटें जल उठीं, छाता लेकर स्कूल जाते दिखे छात्र, सड़कों पर दिखे जाम के हालात, मौसम वैज्ञानिक बोले पश्चिमी विक्षोभ का 4 फरवरी तक रहेगा असर

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

मंगलवार की सुबह राजधानी लखनऊ समेत पूरे अवध क्षेत्र में मौसम के तेवर अचानक बदल गए। आसमान में काले घने बादल छा गए, जिससे सुबह का वक्त रात जैसा महसूस होने लगा। सड़कों पर दौड़ते वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। कुछ ही देर में पहले बूंदाबांदी शुरू हुई और फिर बारिश ने जोर पकड़ लिया। इसके साथ तेज हवाएं भी चलती रहीं, जिससे मौसम में ठिठुरन बढ़ गई।

सुबह करीब 9 बजे के आसपास लखनऊ में बादलों की सक्रियता तेजी से बढ़ी और कुछ ही मिनटों में आसमान में घना अंधेरा छा गया। इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम की वजह से शहर की रफ्तार थम सी गई। बारिश के चलते स्कूल, दफ्तर और रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकले लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग भीगते नजर आए, जबकि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई।

WhatsApp Image 2026-02-03 at 10.47.23 AM

मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी में मौसम बदलने का अनुमान जताया था। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक यह छिटपुट बारिश मंगलवार तक ही सीमित रहेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम होगा और बुधवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, जिससे बीते दिनों की उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बारिश का दायरा मंगलवार को बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र और प्रयागराज मंडल तक पहुंच जाएगा। प्रदेश में मौसम का यह बदलाव 4 फरवरी तक बना रह सकता है। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी।

WhatsApp Image 2026-02-03 at 10.46.09 AM

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।

ओला गिरने व घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button