Lucknow City

क्रिकेटर कुलदीप यादव मसूरी में लेंगे सात फेरे, 17 को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन, जानिए कौन हैं उनकी दुल्हन

बचपन की दोस्त के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे स्टार स्पिनर, कुलदीप के पिता ने पिछले दिनों सीएम योगी से मुलाकात कर उन्हें बेटे की शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का दिया निमंत्रण

लखनऊ, 10 मार्च 2026:

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर एवं टी-20 विश्वकप विजेता टीम के सदस्य कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप यादव 14 मार्च को पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में बसे मसूरी में वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लेंगे। वहीं 17 मार्च को लखनऊ के एक होटल में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा जिसमें क्रिकेट जगत और समाज की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी। 14 मार्च को मसूरी स्थित एक रिसॉर्ट में पारिवारिक माहौल में विवाह संपन्न होगा। समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी रिश्तेदारों के साथ-साथ भारतीय टीम के वर्तमान व पूर्व खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं।

WhatsApp Image 2026-03-10 at 11.27.10 AM

ये भी पढ़ें:

कुलदीप के पिता रामसिंह यादव ने 8 मार्च को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें बेटे की शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। बताया जा रहा है कि रिसेप्शन समारोह में यूपीसीए से जुड़े अधिकारी और विभिन्न शहरों के गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।

दरअसल, कुलदीप और वंशिका की शादी पहले नवंबर 2025 में तय थी लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और टी-20 विश्वकप में कुलदीप के चयन के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। इसके बाद दोनों परिवारों ने मार्च 2026 में विवाह करने का निर्णय लिया।

कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा बचपन के दोस्त हैं। समय के साथ उनकी दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। पिछले साल 4 जून 2025 को लखनऊ के एक होटल में दोनों की सगाई हुई थी। इस निजी समारोह में परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर एवं सांसद प्रिया सरोज ने भी शिरकत की थी।

कानपुर के श्यामनगर लालबंगला निवासी वंशिका चड्ढा के पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ने 2017 में सेंट मैरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गईं। वर्तमान में वह वहीं नौकरी कर रही हैं। अब बचपन की दोस्ती का यह रिश्ता शादी में बदलने जा रहा है। इसे लेकर दोनों परिवारों और उनके करीबी लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें  कुकरैल वन क्षेत्र बनेगा ईको टूरिज्म का सेंटर... प्रकृति के बीच घूमने और सुकून का मिलेगा मौका

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link