
लखनऊ/चित्रकूट, 6 सितंबर 2026:
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक बार फिर प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे। बलिया, फर्रुखाबाद और वाराणसी के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा के साथ ही प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इसके साथ ही बाढ़ में आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और आपदा मोचन निधि से राहत राशि भी प्रदान की। रैन बसेरा में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद कर मुख्यमंत्री उनकी समस्याएं भी जानेंगे और राहत व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेंगे।

चित्रकूट पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सेल्फी वीडियो जारी कर प्रदेश में चल रहे राहत एवं बचाव अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी है। सरकार पूरी तेजी से प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति देख रहे हैं और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

योगी ने बताया कि सरकार के मंत्री भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मिल रहे हैं और राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल तत्काल राहत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी काम किया जा रहा है।
आज चित्रकूट आ रहा हूं,
मैं हर बाढ़ पीड़ित को इस बात के लिए आश्वस्त करता हूं कि आपदा की इस घड़ी में वे अकेले नहीं, डबल इंजन की सरकार उनके साथ है।
-मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी pic.twitter.com/k25zFJT9Pb
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 6, 2026
मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे खुद को अकेला न समझें। सरकार हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान की सुरक्षा, प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना और जरूरतमंदों की मदद करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मानिकपुर विधायक अविनाश द्विवेदी, जिला पंचायत प्रशासक अशोक जाटव समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे।






