Lucknow City

लखनऊ: महिला से लूटा था मोबाइल…पुलिस ने मुठभेड़ में बदमाश को लंगड़ा कर सिखाया सबक

वारदात के बाद सीसीटीवी से हुई आरोपी की पहचान, नहर रोड पर घेराबंदी के दौरान मुठभेड़, घायल हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती, साथी की तलाश जारी

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 23 मार्च 2026:

पीजीआई थाना इलाके में महिला से मोबाइल लूट की वारदात करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

बता दें कि आशियाना के भदुरुख इलाके में रहने वाली प्रीति सिंह बंगला बाजार स्थित एक कार शोरूम के पास से ड्यूटी पर जा रही थीं। उसी दौरान वह फोन पर बात कर रही थीं, तभी पीछे से पल्सर बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीनकर तेलीबाग चौराहे की तरफ भाग गया।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने दो टीमें लगाईं। आसपास लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की पहचान अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर निवासी किला मोहम्मदीनगर, थाना आशियाना के रूप में हुई।

पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी सेक्टर-15 नहर रोड के पास मौजूद है। इस पर टीम ने घेराबंदी की। आरोपी ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके पास से लूटा गया रियलमी मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक, तमंचा व 1200 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज हैं। उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।

 

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button