Lucknow City

लखनऊ में आवासीय क्रांति की नई कड़ी : आईटी सिटी की लॉन्चिंग के बाद अप्रैल में होगी इस योजना का भूमि पूजन, मई में पंजीकरण!

सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर योजना को जल्द हकीकत में बदलेगी LDA, करीब दो लाख की आबादी को मिलेगी आधुनिक आवासीय सुविधाएं, जानिए क्या है एलडीए की पूरी प्लानिंग

लखनऊ, 1 मार्च 2026 :

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब विकास कार्य जोरों पर दिखने को मिल रहा है, इसमें लखनऊ विकास प्राधिकरण एक अहम भूमिका निभा रहा है। आईटी सिटी की लॉन्चिंग के बाद अब एलडीए अपनी एक और महत्वाकांक्षी नैमिष नगर योजना को जल्द ही हकीकत बनने वाली है। आईटी सिटी जैसी आधुनिक परियोजनाओं के बाद अब सीतापुर रोड पर फैली यह योजना लखनऊ के उत्तरी हिस्से को एक मॉडल टाउनशिप का रूप देगी।

एलडीए के अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल 2026 में योजना का भूमि पूजन (भूमि पूजन समारोह) होने वाला है, जिसके तुरंत बाद विकास कार्य जोर-शोर से शुरू हो जाएंगे। इसके बाद मई 2026 से प्लॉटों के लिए पंजीकरण खोल दिया जाएगा। योजना को रेरा में भी रजिस्टर कराया जाएगा, ताकि निवेशक पूरी पारदर्शिता के साथ हिस्सा ले सकें।

नैमिष नगर योजना की खास बातें…

क्षेत्रफल : लगभग 3,000 एकड़ (आधिकारिक तौर पर 3,681 एकड़ से अधिक) में फैली यह योजना लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में विकसित हो रही है।

लाभार्थी : करीब दो लाख की आबादी को आधुनिक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। इसमें प्लॉट, पार्क, स्कूल, अस्पताल, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे शामिल होंगे।

जमीन अधिग्रहण : आईटी सिटी की तरह यहां लैंड पूलिंग नहीं, बल्कि किसानों से आपसी सहमति पर बैनामा (रजिस्ट्री) के जरिए जमीन खरीदी जा रही है। किसानों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है (पहले चरण में प्रति बीघा 1.25 करोड़ तक की दरों की चर्चा रही है)।

जानिए कितनी होगी कीमत : विकास के बाद प्लॉट की अनुमानित कीमत 3,000 रुपये प्रति वर्गफुट के आसपास रहेगी। आसपास की कई अनधिकृत सोसाइटियां 2,000-2,500 रुपये प्रति वर्गफुट पर बिना मैप पास कराए प्लॉट बेच रही हैं, लेकिन एलडीए की योजना पूरी तरह विकसित, मानचित्र-अनुमोदित और सुविधायुक्त होगी।

इन गांवों की भूमि की जाएगी अधिग्रहित : गोपरामऊ, भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, सैरपुर, पुरवा, सैदापुर, फर्रुखाबाद, कोडारी भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पल्हरी, बैरूमऊ, धार्तिगरा सहित कुल 18 गांवों की जमीन ली जा रही है।

योजना की जानकारी देते हुए एलडीए के संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि भूमि पूजन के साथ ही साइट पर विकास कार्य तेज हो जाएंगे। यह योजना न केवल घर चाहने वालों के लिए सपनों का घर साबित होगी, बल्कि आसपास के गांवों में भी बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा।

जानिए क्यों है यह योजना खास?

लखनऊ तेजी से फैल रहा है और उत्तर दिशा में व्यवस्थित आवास की कमी महसूस हो रही थी। ऐसे में एलडीए सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर बसाकर न सिर्फ आवास देगे, बल्कि राजधनी को एक नई पहचान भी देगा- जैसे आईटी सिटी ने दक्षिण दिशा में लखनऊ को बूस्ट दिया। पहले चरण में 14 सेक्टर लॉन्च होने की तैयारी है। अगर आप लखनऊ में प्लॉट या घर की तलाश में हैं, तो मई से शुरू होने वाले पंजीकरण पर नजर रखें। एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट ldaonline.co.in या ldalucknow.in पर अपडेट्स चेक करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button