Lucknow City

महाशिवरात्रि : बड़ा शिवाला श्री सिद्धनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दिन भर चले आयोजन

दुबग्गा में मेला, रामायण पाठ और भंडारे का आयोजन, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने की पूजा-अर्चना

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 15 फरवरी 2026:

लखनऊ के दुबग्गा स्थित मुन्ना लाल खेड़ा इलाके में बड़ा शिवाला श्री सिद्धनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां मेला लगा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा और हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम के तहत रामायण पाठ, जवाबी कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंदिर के विकास कार्यों में आगे भी सहयोग देने का भरोसा जताया। मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से अतिथियों को मंदिर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया और देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button