Unnao City

महाशिवरात्रि : शिव बारात में थिरक उठे हजारों श्रद्धालु… तांडव व जयघोष से गूंजा पूरा इलाका

शिवगण और अघोरी बने कलाकारों ने किया तांडव, देवी-देवताओं की झांकियों और भगवा ध्वजों के साथ उमड़ा आस्था का जनसैलाब

प्रमोद पासी

उन्नाव, 15 जनवरी 2026:

महाशिवरात्रि के पर्व पर शुक्लागंज क्षेत्र के राजधानी मार्ग पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां भगवान शिव की अलौकिक बारात निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका शिवमय हो गया।

शोभायात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण शिवगण और अघोरी स्वरूप में सजे कलाकार रहे। कलाकारों ने शरीर पर भस्म लगाई हुई थी और गले में नरमुंडों की माला पहन रखी थी। जब उन्होंने सड़क पर तांडव नृत्य किया तो श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। माहौल ऐसा लग रहा था मानो काशी के मणिकर्णिका घाट का दृश्य जीवंत हो उठा हो और शिव अपनी टोली के साथ धरती पर उतर आए हों।

Maha Shivratri Thousands Dance in Celebration (1)

बारात में केवल शिवगण ही नहीं, बल्कि हनुमान, राम, लक्ष्मण और सीता के स्वरूप में सजे कलाकारों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। गदा लिए रथ पर सवार हनुमान के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जबकि बड़ी संख्या में युवा भगवा ध्वज लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। उड़ते गुलाल और भक्ति गीतों ने माहौल को और भी उत्सवी बना दिया।

शिव-पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजावटी रथों पर निकाली गईं। मुख्य बाजारों और चौराहों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। कई स्थानों पर महिलाओं ने आरती उतारकर भगवान शिव का स्वागत किया और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मार्ग के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने स्वयं व्यवस्था की निगरानी कर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए। महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली इस शिव बारात में शुक्लागंज के साथ अन्य इलाकों से हजारों लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button