लखनऊ, 6 मार्च 2026:
यूपी की योगी सरकार को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नीति आयोग द्वारा संचालित एस्पिरेशनल ब्लॉक कार्यक्रम के तहत लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा और बांकेगंज ब्लॉक को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। जुलाई से सितंबर 2024 के बीच चले ‘संपूर्णता अभियान’ में शानदार कार्य के लिए धौरहरा ब्लॉक को गोल्ड मेडल और बांकेगंज ब्लॉक को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।
यह सम्मान लखीमपुर खीरी की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन’ देकर भी सम्मानित किया गया। डीएम ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्रशासनिक टीमवर्क को दिया। डीएम के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप आकांक्षात्मक ब्लॉकों में विभिन्न विकास कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

इसी के तहत बांकेगंज ब्लॉक ने ‘हेल्थ एंड न्यूट्रिशन’, ‘एग्रीकल्चर एंड अलाइड सर्विसेज़’ और ‘सोशल डेवलपमेंट’ से जुड़े तीन प्रमुख इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत सैचुरेशन हासिल किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए नीति आयोग ने ब्लॉक को ब्रॉन्ज मेडल से नवाजा है।वहीं धौरहरा ब्लॉक ने छह महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत सैचुरेशन हासिल कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता, पोषण सुधार के लिए ठोस पहल और कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने जैसी पहलों ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई। डीएम ने कहा कि संपूर्णता अभियान के तहत किए गए कार्यों ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति, सतत निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है।
इस उपलब्धि पर डीएम ने सीडीओ अभिषेक कुमार की मौजूदगी में बांकेगंज के बीडीओ ऋषिकांत अहिरवार और धौरहरा के तत्कालीन बीडीओ सुमित कुमार सिंह (वर्तमान में बीडीओ फूलबेहड़) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।






