Business

अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर ED के छापे… जांच के बीच रिलायंस समूह के शेयरों में तेजी

मुंबई समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान, मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध लेनदेन की जांच तेज

बिजनेस डेस्क, 6 मार्च 2026:

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह उद्योगपति अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े कई कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। एजेंसी की करीब 15 टीमों ने तड़के मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई फिलहाल 10 से 12 जगहों पर जारी है।

टीमों ने आवास व ऑफिस खंगाले

जांच एजेंसी की टीमों ने रिलायंस पावर से जुड़े लोगों के आवासीय और कार्यालय परिसरों को खंगाला है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध फंड ट्रांसफर से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच का फोकस मुंबई के साथ-साथ कुछ अन्य शहरों के ठिकानों पर भी है। हालांकि जांच प्रभावित न हो इसलिए एजेंसी ने अभी सटीक स्थानों का खुलासा नहीं किया है।

कार्रवाई के बीच शेयरों में तेजी

छापेमारी की खबर के बावजूद रिलायंस समूह की कुछ कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली। रिलायंस पावर का शेयर करीब 2 प्रतिशत बढ़कर लगभग 23 रुपये के आसपास पहुंच गया। वहीं रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर में भी करीब 4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह लगभग 94 रुपये के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

इससे पहले फरवरी 2026 में ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े कथित 40 हजार करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच के दौरान मुंबई के पाली हिल स्थित अनिल अंबानी के आवास ‘अबोड’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। उस संपत्ति की कीमत करीब 3,500 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

ये भी पढ़ें  KGMU के वांटेड रेजीडेंट डॉ. रमीज पर इनाम हुआ 50 हजार... धर्मांतरण के आरोपी माता-पिता गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button