सीतापुर, 15 फरवरी 2026:
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने सिहारूखेड़ा पुल से नहर में छलांग लगा दी। युवक की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया गया लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
बताया गया नहर में कूदने वाला युवक चांदपुर फरीदुपुर गांव निवासी अरविंद तिवारी (24) है। पुल के पास खड़ी बाइक देखकर राहगीरों ने पुलिस को खबर दी। जांच में सामने आया कि अरविंद पिछले छह दिनों से घर से लापता था। परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले चांदपुर चौकी में अरविंद के खिलाफ चोरी की शिकायत दी गई थी।
बताया जा रहा है कि गांव के अली हसन की दुकान से रंदा ले जाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद चोरी का आरोप लगाया गया। परिवार का कहना है कि इसी मामले के बाद से वह काफी मानसिक दबाव में था और घर छोड़कर चला गया था। अरविंद के भाई गोविंद तिवारी ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। वर्ष 2023 में छोटे भाई वीरेंद्र तिवारी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला था। उस मामले में एक आरोपी जेल भी गया था। परिवार का आरोप है कि जेल से छूटने के बाद लगातार उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं।
नहर में कूदने की सूचना पर महमूदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती औपचारिकताओं के बाद गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि खोजबीन जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पत्नी सोनाली तिवारी और मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अरविंद के पिता का निधन वर्ष 2011 में हो चुका है। बड़ा भाई मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ है, जबकि अरविंद कैटरिंग का काम करता था। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।






