Sitapur City

बंदरों ने दौड़ाया तो खौफ में महिला ने छत से लगा दी छलांग…हॉस्पिटल में जूझ रही मौत से

छत पर खाना बनाते समय आ धमके बंदर, घायल महिला के सिर में लगे 15 टांके, महिला की हालत से ग्रामीणों में आक्रोश

सीतापुर, 24 जनवरी 2026:

सकरन थाना क्षेत्र में बंदरों के डर से एक महिला ने छत से छलांग लगा दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया गया कि बिठमनी गांव निवासी मायाराम की पत्नी मायावती (45) शनिवार सुबह छत पर चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक दो बंदर छत पर आ गए और महिला की तरफ बढ़ने लगे। बंदरों को पास आता देखकर मायावती घबरा गईं और जान बचाने के प्रयास में छत से नीचे कूद गईं।

नीचे गिरने से महिला के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत घायल महिला को जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला के सिर में 15 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गहरी चोट होने के कारण महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।

ये भी पढ़ें:

घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बंदरों की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। आए दिन बंदर घरों की छतों पर चढ़ जाते हैं, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि समस्या से राहत दिलाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं।

ये भी पढ़ें  UP में बिजली बिल राहत योजना : 100% ब्याज माफी और बकाया मूलधन पर 25% छूट... सिर्फ इन्हें मिलेगी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link