Barabanki City

बहन की शादी से पांच दिन पहले युवक की हत्या… खेत में धारदार हथियारों से उतारा मौत के घाट

कुर्सी थाना क्षेत्र की घटना, रात में फोन आने पर घर से निकला था बाहर, 12 मार्च को बहन की तय थी शादी, मौके पर शराब की बोतलें भी मिलीं

बाराबंकी, 7 मार्च 2026:

कुर्सी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। शव घर से करीब 800 मीटर दूर सड़क किनारे एक खेत में पड़ा मिला। मृतक की बहन की शादी 12 मार्च को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। रात में वो किसी का फोन आने पर घर से बाहर निकला था इसके बाद दूसरे दिन लाश मिली। खेत में चारों ओर खून बिखरा था। पुलिस हत्या की वजह तलाश कर रही है।

कुर्सी थाना क्षेत्र के मदारपुर मजरे श्रीरामपुरवा निवासी छविनाथ रावत का बेटा मिथुन रावत (22) शुक्रवार रात घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे दुर्रीपुरवा के पास खेत में उसका शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक की हत्या धारदार हथियार से गले पर वार कर की गई है। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया गया।

मिथुन रावत खेती किसानी करता था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम मिथुन के मोबाइल पर किसी का कॉल आया और वह बाहर जाने की बात कहकर निकल गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शनिवार सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू की गई, तब उसका शव मिला। धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। मिथुन के गर्दन पर गहरे कट के निशान हैं। सीने और हाथ पर भी चोट है।

ग्रामीणों ने बताया कि खेत में काफी दूर तक खून फैला था। जिसे देखकर लग रहा था, पहले मिथुन को खेत में दौड़ा-दौड़ाकर मारा, फिर उसकी गर्दन रेत दी। मौके पर एक धर्म विशेष की टोपी व शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस को शक है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button