लखनऊ, 6 फरवरी 2026:
लखनऊ के विभूति खंड इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन होटल में अचानक आग लग गई। बिल्डिंग से उठते तेज धुएं को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
विभूति खंड थाना क्षेत्र में होटल का निर्माण कार्य चल रहा है। दोपहर करीब तीन बजे अचानक बिल्डिंग के भीतर से धुआं निकलने लगा, जो कुछ ही देर में घना हो गया। मजदूरों और कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि करीब साढ़े तीन बजे पत्थर काटने की मशीन से डिजाइनिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी के चलते पास में रखा पेंट और प्लास्टिक सामग्री आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी और धुआं पूरे हिस्से में भर गया।
होटल में काम कर रहे मजदूरों ने आसपास की इमारतों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और हौज पंप के जरिए आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
तेज धुएं के कारण दमकल कर्मियों को बिल्डिंग के अंदर जाने में काफी परेशानी हुई। काफी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक काबू में कर लिया गया है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है और आग शांत होने के बाद ही नुकसान का अंदाजा हो सकेगा।





