मथुरा, 20 मार्च 2026:
रामनगरी अयोध्या में श्री राम यंत्र की स्थापना के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिन के दौरे पर बृहस्पतिवार शाम मथुरा पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रेम मंदिर के साथ इस्कॉन में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान भव्य लेजर शो देखकर उन्होंने जमकर सराहना की। आज वो संत प्रेमानन्द से मुलाकात करने के साथ अन्य कार्यकर्मो में हिस्सा लेंगीं।
राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सैन्य क्षेत्र के हैलीपेड पर उतरा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल वी हरिहरन, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप आदि ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सड़क मार्ग से वृंदावन के लिए रवाना हुईं। सबसे पहले वह होटल पहुंचीं, जहां कुछ देर विश्राम करने के बाद प्रेम मंदिर के लिए निकलीं।

इस दौरान जोरदार बारिश होने लगी। प्रेम मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने यहां रात में लेजर शो देखा और उसकी भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत सुंदर है। इसके बाद वह गर्भगृह पहुंचीं, जहां राधा-कृष्ण के विग्रह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
इस्कॉन के सभा मंडप में संकीर्तन मंडल के आश्रमवासियों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। राष्ट्रपति ने प्रसाद ग्रहण किया और परिक्रमा भी की। इसके बाद वह मंदिर के प्रथम तल पर पहुंचीं, जहां सीताराम और अन्य विग्रहों के दर्शन किए। दौरे के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन अलर्ट रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद दिखी।

आज शुक्रवार को वह संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करेंगी। साथ ही नीम करौरी आश्रम जाएंगी। इसके अलावा वात्सल्य ग्राम गुरुकुलम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी एवं रामकिशन मिशन सेवाश्रम अस्पताल में अत्याधुनिक तीन मंजिला ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का लोकार्पण करेंगी। शनिवार को राष्ट्रपति गोवर्धन में गोल्फ कार्ट से गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाएंगी और दानघाटी मंदिर में दर्शन करेंगी। यहीं से वह सीधे वापस रवाना हो जाएंगीं।






