खुले मैदान में फेंके एक दर्जन मृत गोवंश… नगर पालिका के खिलाफ बजरंग दल का प्रदर्शन
देर रात हुआ हंगामा, शवों का उचित निस्तारण न करने का आरोप लगाया, जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने तक शव दफनाने से इनकार, अफसरों से हुई बहस
सीतापुर, 20 मार्च 2026:
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में कस्बे के पांडेय नगर बाजार स्थित सुखतला तालाब के पास एक दर्जन से अधिक मृत गोवंश खुले में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आक्रोश और बढ़ गया। मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं शोभित तिवारी, अंगद तिवारी, अंकुर सिंह और सुभांशु समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका मृत पशुओं के निस्तारण में लापरवाही बरत रही है। उनका कहना है कि शवों को बाजार के पास खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ हालात को नियंत्रित करने में जुटे रहे। बाद में नायब तहसीलदार अजय कुमार और नगर पालिका के ईओ भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए और तनावपूर्ण हो गई।
प्रशासन ने मृत गोवंशों को दफनाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बिना कार्रवाई के दफनाने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पहले जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, उसके बाद ही शवों का निस्तारण किया जाए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






