
लखनऊ, 30 सितंबर 2026:
पश्चिमी यूपी के प्रमुख शहर मेरठ से खुर्जा और सहारनपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने मेरठ शहर को प्रदेश के खुर्जा और सहारनपुर से जोड़ने वाली दो नई मेमू सेवाएं शुरू करने की स्वीकृति दी है। इन ट्रेनों के संचालन से मेरठ और आसपास के इलाकों में क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और नौकरी, कारोबार, पढ़ाई तथा रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन का एक और विकल्प मिलेगा।
रेलवे के अनुसार नई सेवाएं 64573/64574 खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू और 64580/64579 सहारनपुर-मेरठ सिटी मेमू के रूप में चलेंगी। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनों का रास्ते में आने वाले सभी स्टेशनों पर कमर्शियल स्टॉपेज होगा। इससे छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
खुर्जा से मेरठ के बीच दिन में दोनों तरफ सेवा
ट्रेन नंबर 64573 खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू खुर्जा से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर शाम 5:20 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। यानी करीब 4 घंटे 5 मिनट में सफर पूरा होगा। वापसी में 64574 मेरठ सिटी-खुर्जा मेमू सुबह 11:25 बजे मेरठ से चलेगी और शाम 4 बजे खुर्जा पहुंचेगी। इसका यात्रा समय 4 घंटे 35 मिनट रहेगा।

सुबह सहारनपुर से मेरठ, शाम को वापसी
64580 सहारनपुर-मेरठ सिटी मेमू सुबह 5:50 बजे सहारनपुर से रवाना होकर 8:10 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। यात्रा में 2 घंटे 20 मिनट लगेंगे। वापसी में 64579 मेरठ सिटी-सहारनपुर मेमू शाम 5:45 बजे मेरठ से चलेगी और रात 8:40 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
इन दोनों सेवाओं से मेरठ क्षेत्र में यात्रियों के पास रोजाना आवागमन के लिए अतिरिक्त ट्रेन विकल्प उपलब्ध होंगे। खासकर रास्ते के छोटे स्टेशनों के यात्रियों के लिए सभी स्टेशनों पर ठहराव सुविधा को उपयोगी माना जा रहा है। इससे मेरठ, खुर्जा और सहारनपुर के बीच क्षेत्रीय आवाजाही को और गति मिलने की उम्मीद है।






