National

मध्य पूर्व में जंग की आग और भड़की : ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी, मिसाइल-ड्रोन हमलों की नई लहर से दहला क्षेत्र

अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा- ईरान ने अपने कुछ मध्य पूर्वी पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए आत्मसमर्पण कर दिया, उधर आईआरजीसी ने कहा कि ईरान पर हमले जारी रहे तो अमेरिका और इस्राइल के सभी सैन्य अड्डे और उनके हित निशाने पर होंगे

न्यूज डेस्क, 7 मार्च 2026:

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध भयावह रूप लेता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बीच ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गूंज के बीच यह संघर्ष अब आठवें दिन में पहुंच चुका है। पूरा मध्य पूर्व तनाव की चपेट में है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त तेवर और खाड़ी देशों तक फैलते हमलों ने वैश्विक राजनीति में नई चिंता पैदा कर दी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को लेकर कड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने कुछ मध्य पूर्वी पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए आत्मसमर्पण कर दिया है। उन पर गोलीबारी न करने का वादा किया है। ट्रंप ने कहा कि यह स्थिति अमेरिका और इस्राइल के लगातार सैन्य दबाव का परिणाम है। हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो अमेरिका आज भी ईरान पर नए हमले कर सकता है।

दूसरी ओर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक रिकॉर्डेड संदेश में कहा कि ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने पड़ोसी देशों पर हमले रोकने की मंजूरी दे दी है लेकिन यह तभी संभव होगा जब उन देशों की जमीन से ईरान पर हमला नहीं किया जाएगा। इसके तुरंत बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बयान जारी कर कहा कि यदि ईरान पर हमले जारी रहे तो अमेरिका और इस्राइल के सभी सैन्य अड्डे और उनके हित निशाने पर होंगे।

आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने सैन्य और सैन्य सहायता केंद्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमलों की 25वीं लहर शुरू कर दी है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार इस अभियान में हाइपरसोनिक ‘फतह’ और बैलिस्टिक ‘इमाद’ मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उधर, इस्राइली सेना की ओर से नए हमलों की घोषणा के बाद ईरान की राजधानी तेहरान में कई जोरदार धमाकों की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तेहरान के दक्षिण-पूर्व स्थित करचक काउंटी से धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक यह हमला रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाकर किया गया।

इस बीच एक समाचार एजेंसी ने दावा किया है कि आईआरजीसी की नौसेना ने संयुक्त अरब अमीरात के अल-धाफरा एयरबेस पर ड्रोन हमला किया है, जहां एक अमेरिकी उपग्रह संचार केंद्र और रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया। हालांकि यूएई की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

वहीं लेबनान के नाबी चित शहर में रातभर चले इस्राइली हवाई हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत और 35 लोगों के घायल होने की खबर है। हालात की गंभीरता को देखते हुए अमीरात एयरलाइंस ने दुबई से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अगली सूचना तक निलंबित कर दिया है। मध्य पूर्व में बढ़ता यह संघर्ष अब पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button