Uttarakhand

वृद्धाश्रम पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या… बुजुर्ग महिलाओं के साथ बिताया समय

समस्याएं सुनीं, बेहतर चिकित्सा और देखभाल की व्यवस्था के दिए निर्देश, भावुक पलों ने छुआ दिल

देहरादून, 19 फरवरी 2026:

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को देहरादून के दो वृद्धाश्रमों का दौरा कर वहां रह रहीं बुजुर्ग महिलाओं के बीच समय बिताया। उन्होंने डालनवाला स्थित प्रेम धाम और अम्बीवाला के मां गौरी ओल्ड एज होम पहुंचकर महिलाओं से मुलाकात की और उनकी परेशानियां करीब से सुनीं।

मुलाकात के दौरान बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि बढ़ती उम्र के कारण उन्हें अक्सर इलाज की जरूरत पड़ती है, लेकिन अस्पताल आने-जाने में दिक्कत होती है। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को इलाज में परेशानी न हो।

कुछ महिलाओं ने ग्राम पंचायत स्तर पर ओल्ड एज केयर होम शुरू करने का सुझाव भी रखा। इस पर मंत्री ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही एक समग्र योजना तैयार की जाएगी, जिससे बुजुर्गों को बेहतर सुविधा मिल सके।

Minister Rekha Arya Visits Old Age Home Community (1)

मंत्री ने महिलाओं को आगामी महिला दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम में आने-जाने के लिए बस की व्यवस्था कराई जाएगी। दौरे के दौरान कई भावुक पल भी सामने आए। मां गौरी ओल्ड एज होम में रह रहीं उषा देवी मंत्री से गले लगकर रो पड़ीं। उन्होंने बताया कि बेटे के निधन के बाद वह खुद को बिल्कुल अकेला महसूस करती हैं और परिवार का सहारा भी नहीं रहा।

वहीं प्रेम धाम में रह रहीं पूर्व अध्यापिका बीना एडवर्ड्स ने मंत्री से समय-समय पर मिलने आते रहने का आग्रह किया। एक अन्य महिला ने अकेलेपन का दर्द साझा करते हुए कहा कि काश बच्चे कभी बड़े न होते, क्योंकि बड़े होने के बाद वे अपने परिवारों में व्यस्त हो गए और मां की सुध लेना कम कर दिया। इस मौके पर राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित आरती बलोदी, मीना बिष्ट, आशा कंडारी, सिस्टर अपर्णा, प्रतिभा बहुगुणा जोशी, अनीता बिष्ट, रेखा देवी, उषा देवी और रमेश लाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button