Uttarakhand

हिमालयन विश्वविद्यालय में एक हजार से ज्यादा छात्रों को मिली डिग्री, जेपी नड्डा और सीएम धामी ने दिया ये संदेश

हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जहां जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 14 फरवरी 2026:

उत्तराखंड में हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जबकि सीएम पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

1001 छात्रों को मिली नई पहचान

इस दीक्षांत समारोह में मेडिकल, एलाइड हेल्थ, नर्सिंग, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, योग विज्ञान और बायो साइंस संकायों के कुल 1001 छात्र छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। 31 विद्यार्थियों को अकादमिक अवार्ड, 2 छात्रों को स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड और 14 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। समारोह छात्रों के लिए भावनात्मक और गर्व का क्षण रहा।

दीक्षांत नहीं, नई यात्रा की शुरुआत: जेपी नड्डा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत केवल एक शैक्षणिक पड़ाव नहीं बल्कि जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि डिग्री के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। अमृतकाल के अगले 25 वर्ष विकसित भारत के निर्माण के निर्णायक वर्ष होंगे और आज के युवा इस बदलाव के कर्ता धर्ता बनेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा का उपयोग मानवता, गरीब और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 5.32.51 PM

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र

नड्डा ने विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ विजय धस्माना के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की मजबूत अर्थव्यवस्था, आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार, टीबी, मलेरिया और डायरिया उन्मूलन में प्रगति तथा कैंसर के शुरुआती पहचान कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

युवा शक्ति है उत्तराखंड की ताकत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी डिग्री प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना, टेलीमेडिसिन और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में केंद्र सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के सहयोग की सराहना की।

विकास और रिवर्स पलायन पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड के तीसरे दशक की अवधारणा के अनुरूप राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने रिवर्स पलायन, जल जंगल बचाने के निर्णय, दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, बिजली और इंटरनेट पहुंच, पर्यटन विकास, एसडीजी रैंकिंग में सुधार, मत्स्य विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

शिक्षा और स्वास्थ्य में बेहतर प्रयास

राज्य के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में मानव संसाधन और संरचनात्मक दोनों स्तरों पर बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार सहयोग मिल रहा है। संस्थान के अध्यक्ष डॉ विजय धस्माना ने शिक्षा को डिग्री से आगे बढ़कर आत्मज्ञान और परिवर्तन का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा और नैतिकता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है।

CDOE का शुभारंभ और सांस्कृतिक रंग

समारोह के अवसर पर सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड मिलने के कारण CDOE के तहत संचालित पाठ्यक्रम यूजीसी से मान्यता प्राप्त हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा मिलेगी। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत की गई। इस मौके पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कुलपति डॉ राजेंद्र डोभाल, प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button