National

NEET UG Result : पांशुल व आर्यन बने ऑल इंडिया टॉपर, 11.21 लाख अभ्यर्थी क्वालिफाई

NTA ने जारी किया NEET UG 2026 का रिजल्ट, 20 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों में 11.21 लाख सफल, 58 प्रतिशत सफल उम्मीदवार छात्राएं, उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा अभ्यर्थी क्वालिफाई, लखनऊ के शिवांश व यासिर ने बढ़ाया गौरव

न्यूज डेस्क, 17 जुलाई 2026:

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इस बार हरियाणा के पांशुल बंसल और पंजाब के आर्यन गुप्ता ने 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। NTA ने रिजल्ट के साथ फाइनल आंसर-की, कटऑफ और टॉपर्स लिस्ट भी जारी कर दी है।

19 छात्रों को 700 से अधिक अंक, छात्राओं ने फिर मारी बाजी

इस साल NEET UG में कुल 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं 138 उम्मीदवारों ने 690 से ज्यादा अंक प्राप्त किए, जिनमें करीब 93 प्रतिशत ऐसे छात्र हैं जिन्होंने पहली बार परीक्षा दी थी। NEET UG 2026 में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। कुल सफल उम्मीदवारों में लगभग 58 प्रतिशत छात्राएं हैं। सफलता दर के हिसाब से 57 प्रतिशत से अधिक छात्राएं परीक्षा में पास हुईं, जबकि छात्रों की सफलता दर करीब 55 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके अलावा 26 उम्मीदवारों ने 690 से ज्यादा, 1,492 ने 650 से अधिक, 10,160 ने 600 से ज्यादा और 90,780 छात्रों ने 500 से अधिक अंक प्राप्त किए।

ये भी पढ़ें:

उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा सफल अभ्यर्थी, लखनऊ में होनहार चहके

राज्यों की बात करें तो इस बार भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यहां करीब 1.70 लाख अभ्यर्थियों ने NEET UG परीक्षा क्वालिफाई की। लखनऊ के शिवांश आनंद ने 152वीं और यासिर अतहर ने 157वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया। इसके अलावा मोहित को 550वीं, चिन्मय को 569वीं और शावेज को 738वीं रैंक मिली। शहर के 12 छात्र-छात्राओं ने 650 से अधिक अंक हासिल किए। NTA के आंकड़ों के अनुसार जनरल वर्ग के 2.91 लाख, OBC-NCL के 5.12 लाख, SC के 1.59 लाख, ST के 63,716, EWS के 95,026 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है।

पंचकूला के हर्षुल गर्ग ने हासिल की AIR 50

हरियाणा के पंचकूला निवासी हर्षुल गर्ग ने ऑल इंडिया रैंक 50 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। उनके पिता पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में आयुष्मान भारत परियोजना के तहत चिकित्सक हैं। हर्षुल ने अपनी स्कूली शिक्षा पटेल पब्लिक स्कूल, राजपुरा (पटियाला) से पूरी की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया।

ये भी पढ़ें  ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक पेश में मतदान के दौरान अनुपस्थित रहने वाले सांसदों को नोटिस जारी कर सकती है बीजेपी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button