Sports

पाकिस्तान सुपर लीग में नया बखेड़ा…बॉल टेम्परिंग के आरोपों से घिरे खिलाड़ी, आखिरी ओवर में बदला मैच

लाहौर-कराची मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ का शक, अंपायरों ने दिए पांच पेनल्टी रन, फखर जमां ने आरोप नकारे, पीसीबी ने शुरू की जांच, अगली सुनवाई पर टिकी नजर

स्पोर्ट्स डेस्क, 30 मार्च 2026:

पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में बॉल टेम्परिंग को लेकर सवाल उठे हैं। इस मामले में फखर जमां पर आरोप लगे हैं, जबकि शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ भी चर्चा में आ गए हैं।

क्या है पूरा मामला

मैच के आखिरी ओवर में कराची को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। इसी दौरान शाहीन, फखर और हारिस गेंद को लेकर आपस में बात करते दिखे। तीनों खिलाड़ियों ने गेंद को हाथ लगाया। हारिस ने गेंद फखर को दी, जिसके बाद फखर उसे रगड़ते नजर आए। तभी फील्ड अंपायर को शक हुआ और उन्होंने गेंद अपने पास मंगा ली।

अंपायर का फैसला और मैच पर असर

अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद की जांच की और दूसरे अंपायर शर्फूदोला से बातचीत के बाद फैसला लिया कि गेंद के साथ छेड़छाड़ हुई है। इसके बाद कराची को पांच पेनल्टी रन दे दिए गए। इससे मैच का समीकरण बदल गया और आखिरी छह गेंदों में लक्ष्य नौ रन रह गया। साथ ही गेंद भी बदल दी गई।

कराची ने हासिल की जीत, पीसीबी ने शुरू की जांच

आखिरी ओवर में मुकाबला रोमांचक हो गया। खुशदिल शाह पहली गेंद पर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद अब्बास अफरीदी ने चौका और छक्का लगाकर 19.3 ओवर में टीम को चार विकेट से जीत दिला दी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लिया है। बोर्ड के मुताबिक फखर जमां ने आरोपों से इनकार किया है। अगले 48 घंटे में दोबारा सुनवाई होगी। अगर दोष साबित होता है तो उन पर एक मैच का बैन लग सकता है।

मैच के बाद शाहीन ने दी सफाई, अंपायरिंग और तकनीक पर उठे सवाल

मैच के बाद शाहीन अफरीदी ने कहा कि उन्होंने गेंद की हालत बदलने की कोशिश नहीं की। उनका कहना है कि वह सिर्फ गेंद को सुखा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पुख्ता सबूत इतना बड़ा फैसला लेना ठीक नहीं है। इस घटना के बाद अंपायरिंग पर भी बहस छिड़ गई है। कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गेंद कई खिलाड़ियों के हाथ में जाती है, ऐसे में किसी एक को जिम्मेदार ठहराना आसान नहीं है। वहीं लाहौर टीम के समर्थक भी साफ सबूत की मांग कर रहे हैं।

रमीज राजा के सवालों में घिरे खिलाड़ी

मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान रमीज राजा ने शाहीन से सीधे सवाल किए। इस दौरान शाहीन असहज नजर आए और उन्होंने कहा कि असल बात वीडियो देखने के बाद ही साफ होगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button