GorakhpurLucknow CityUttar Pradesh

नई पैसेंजर ट्रेन से तराई-पूर्वांचल को राहत… नकहा जंगल से डालीगंज तक आसान हुआ सफर

लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर समेत तराई के कई छोटे स्टेशनों को अब राजधानी से सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा मिली, नई ट्रेन से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोज सफर करने वाले यात्रियों को कम किराए में आसान सफर का विकल्प मिलेगा

लखनऊ/गोरखपुर/गोंडा, 27 मई 2026:

पूर्वोत्तर रेलवे ने तराई और पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए डालीगंज-गोंडा-नकहा जंगल नई पैसेंजर ट्रेन की सेवा शुरू कर दी है। गोंडा जंक्शन से केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई सेवा शुरू होने से लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिल गया है।

बता दें नकहा जंगल गोरखपुर व डालीगंज लखनऊ के रेलवे स्टेशन है। रेलवे के अनुसार 05065 गोंडा-डालीगंज उद्घाटन विशेष ट्रेन 26 मई को चलाई गई। इसके बाद 27 मई से 55062 डालीगंज-नकहा जंगल और 55061 नकहा जंगल-डालीगंज सवारी गाड़ियों का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया।

पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार उद्घाटन के बाद पैसेंजर ट्रेन गोंडा से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर करनैलगंज, जरवल रोड, बुढ़वल, बाराबंकी, गोमतीनगर और बादशाहनगर होते हुए शाम 4 बजे डालीगंज पहुंची। इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 और एसएलआरडी के 2 कोच लगाए गए।

WhatsApp Image 2026-05-27 at 10.51.32 AM

डालीगंज से नकहा जंगल का समय

55062 डालीगंज-नकहा जंगल सवारी गाड़ी रोजाना शाम 5:20 बजे डालीगंज से चलेगी। यह ट्रेन बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर और कैंपियरगंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:45 बजे नकहा जंगल पहुंचेगी।

नकहा जंगल से डालीगंज का समय

55061 नकहा जंगल-डालीगंज सवारी गाड़ी 27 मई से रात 11:10 बजे नकहा जंगल से रवाना होगी। यह ट्रेन आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा और बाराबंकी होकर सुबह 9:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस ट्रेन के दोबारा शुरू होने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को अब कम खर्च में सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने ट्रेन को गोंडा में हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि नई पैसेंजर सेवा से गोंडा और आसपास के इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा। छोटे स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और रोजाना सफर करने वाले लोगों की आवाजाही भी आसान होगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button