Barabanki City

पीपल के नीचे आई रोने की आवाज…कपड़ों में लिपटा मिला शिशु, ऐसे बची लावारिस की जान

पुलिस ने फौरन शिशु को हॉस्पिटल भेजवाया, महिला ने गोद में उठाकर सीने से लगाया, सुरक्षित हालत में चाइल्ड लाइन को सौंपा

बाराबंकी, 8 फरवरी 2026:

जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र मेंआछेपुर मजरे झरसवां गांव के बाहर टड़वा-गदमानपुर मार्ग पर रविवार सुबह पीपल के पेड़ के नीचे एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। ठंड के बीच बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की नजर पड़ी, पुलिस आई और उसे हॉस्पिटल भेजवाया। उसकी हालत सुरक्षित बताई गई है।

सुबह रोजमर्रा के काम से निकले ग्रामीणों को सड़क किनारे पीपल के पेड़ के पास से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो कपड़ों में लिपटा एक नवजात शिशु खुले आसमान के नीचे पड़ा था। कड़ाके की ठंड के कारण बच्चे की हालत नाजुक लग रही थी। लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना बड्डूपुर थाना पुलिस को दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। मौके पर मौजूद एक महिला ने शिशु को गोद में उठाकर सीने से लगाया, जिससे बच्चे को कुछ राहत मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने फौरन एंबुलेंस की मदद से नवजात को जिला अस्पताल भिजवाया।

कोतवाल मनोज सोनकर ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने शिशु की जांच की। फिलहाल नवजात की हालत स्थिर है। बेहतर देखभाल और संरक्षण के लिए उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना के बाद पुलिस अब शिशु के माता-पिता की तलाश में जुट गई है। आसपास के गांवों, स्वास्थ्य केंद्रों और हाल ही में हुए प्रसव से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल लोगों की सतर्कता और पुलिस की तेजी से एक मासूम की जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button