Varanasi

ऑनलाइन सट्टे का खेल बेनकाब… IPL पर करोड़ों का दांव लगाने वाले गिरोह के 13 सदस्य गिरफ्तार

टेलीग्राम ग्रुप, फर्जी यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ रहा था नेटवर्क, छापेमारी में 17 मोबाइल, 10 लैपटॉप और क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट बरामद, कई राज्यों तक फैले कनेक्शन की जांच तेज

विकास गोंड

वाराणसी, 1 जून 2026:

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और एसओजी टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह टेलीग्राम, ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा था।

ऑनलाइन सट्टे के बारे में इनपुट मिलने पर एसओजी की जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद से सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का प्रचार कर रहे थे। इसके जरिए लोगों को आईपीएल मैचों में पैसा लगाने के लिए आकर्षित किया जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 युवकों को गिरफ्तार किया है। ये लोग उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। जांच में पता चला कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था और ऑनलाइन माध्यम से बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी संचालित की जा रही थी।

आरोपियों के कब्जे से 17 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और एक क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट लेजर बरामद किया। अधिकारियों का कहना है कि इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच में कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिलने की उम्मीद है, जिससे नेटवर्क के संचालन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी टेलीग्राम ग्रुप और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने नेटवर्क से जोड़ते थे। इसके बाद उन्हें विभिन्न मैचों पर दांव लगाने के लिए उकसाया जाता था। मामले में क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल सभी 13 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ने के साथ कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button