Sports

ICC की नाराजगी पर झुका पाकिस्तान…15 फरवरी को T20 वर्ल्ड कप में करेगा भारत का सामना

पहले किया था बहिष्कार का ऐलान, ICC का बांग्लादेश के प्रति सख्त रवैया देख पाकिस्तान सरकार ने लिया यू-टर्न, पाकिस्तान सरकार ने मैच खेलने के लिए दी हरी झंडी, दर्शक अब देख सकेंगे हाईवोल्टेज मुकाबला

स्पोर्ट्स डेस्क, 10 फरवरी 2026:

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट को लेकर बना सियासी और कूटनीतिक गतिरोध आखिरकार खत्म हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया कि आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा।

बता दें यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले पाकिस्तान सरकार भारत के खिलाफ इस मैच के बहिष्कार का एलान कर चुकी थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में भारी हलचल मच गई थी। कुछ दिन पहले पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि उसकी राष्ट्रीय टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। इस बयान के बाद आईसीसी, सदस्य बोर्डों और कई देशों के कूटनीतिक हलकों में बेचैनी बढ़ गई थी। अब पाकिस्तान सरकार के इस यू-टर्न ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

WhatsApp Image 2026-02-10 at 10.48.23 AM

सरकारी बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पीसीबी, आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के नतीजों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि बीसीबी की ओर से पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों की समीक्षा की गई, जिन्हें श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों का भी समर्थन हासिल था। इन देशों ने पाकिस्तान से मौजूदा गतिरोध खत्म करने में आगे बढ़कर भूमिका निभाने की अपील की थी।

WhatsApp Image 2026-02-10 at 10.48.23 AM (1)

पाकिस्तान सरकार ने बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाईचारे की भावना के तहत जताई गई कृतज्ञता को गर्मजोशी से स्वीकार किया गया है। साथ ही यह भी दोहराया गया कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इसी बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने कहा कि मुश्किल वक्त में पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने मौजूदा विवाद को खेल भावना के साथ सुलझाने का आग्रह किया।

इन तमाम बहुपक्षीय चर्चाओं, मित्र देशों के दबाव और आईसीसी की सख्त नाराजगी को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने आखिरकार राष्ट्रीय टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने के निर्देश दिए। इस पूरे विवाद की जड़ तब सामने आई थी, जब आईसीसी ने भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल कर लिया। पाकिस्तान ने इस मामले में बांग्लादेश का खुला समर्थन किया था।

WhatsApp Image 2026-02-10 at 10.48.22 AM

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने यहां तक कहा था कि पाकिस्तान का टी20 विश्व कप में खेलना प्रधानमंत्री के फैसले पर निर्भर करेगा। इसके बाद भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का एलान किया गया, जिससे आईसीसी ने संभावित कार्रवाई के संकेत दिए। अब 15 फरवरी 2026 को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ क्रिकेट का मैच नहीं होगा, बल्कि इसे सियासी और कूटनीतिक नजरिए से भी बेहद अहम माना जा रहा है। दुनिया भर की निगाहें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button