सीतापुर, 21 फरवरी 2026:
खैराबाद नगर स्थित बिसवां मार्ग पर पावर हाउस के पास एक बिना पंजीकरण के नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और शव को लेकर शुक्रवार सुबह नर्सिंग होम के बाहर प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि पुत्तीलाल लोधी (55) नामक मरीज को पेट में दर्द की शिकायत पर परिजनों ने वेदांता नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, लेकिन जब शव घर लाया गया तो शरीर में कई जगह फफोले दिखाई दिए, जिससे परिजनों को यह संदेह हुआ कि गलत इलाज किया गया है। इस पर परिजनों और ग्रामीणों ने नर्सिंग होम के बाहर शव रखकर हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम की जांच की और इसे बिना पंजीकरण के चलने के कारण सील कर दिया। थाना प्रभारी साबिर अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राहिल फरीद ने बताया कि नर्सिंग होम के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद जांच की गई, जिसमें यह पाया गया कि अस्पताल का पंजीकरण नहीं था। अब स्वास्थ्य विभाग इस मामले की गहनता से जांच करेगा और कार्रवाई की जाएगी।






