लखनऊ, 19 मार्च 2026:
उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (पीएम मित्र) योजना के तहत प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विकसित हो रहा मेगा टेक्सटाइल पार्क प्रदेश को देश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम साबित हो रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 1000 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही कोर और बाहरी बुनियादी ढांचे के विकास पर 990.71 करोड़ रुपये के कार्य तेजी से चल रहे हैं। यह परियोजना प्रदेश सरकार की उद्योगोन्मुखी नीतियों और त्वरित निर्णय क्षमता को दर्शाती है।
पीएम मित्र पार्क की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैब्रिक और फैब्रिक टू फैशन’ मॉडल है। इसके तहत पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन को एक ही स्थान पर विकसित किया जाएगा। इससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और उत्तर प्रदेश वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी मजबूत स्थिति बना सकेगा।
प्रदेश सरकार द्वारा विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, बिजली, जलापूर्ति और लॉजिस्टिक्स के सुदृढ़ नेटवर्क से यह पार्क निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। देशभर के सात पीएम मित्र पार्कों में अब तक 63,177 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है।
इस परियोजना से हर पार्क में लगभग 3 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। इससे प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। लखनऊ का यह मेगा टेक्सटाइल पार्क राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ प्रदेश को ‘रोजगार देने वाला राज्य’ बनाने के विजन को भी साकार करेगा।






