नई दिल्ली, 5 फरवरी 2025:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई हालिया घटना का उल्लेख करते हुए राहुल के ‘गद्दार’ वाले बयान को आड़े हाथों लिया। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी को कटाक्ष करते हुए कांग्रेस के शातिर दिमाग युवराज करार दिया। कहा कि कांग्रेस का अहंकार अब सातवें आसमान पर पहुंच चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि एक सांसद को गद्दार कहा गया जबकि उनका परिवार देश के लिए शहादत देने वाला रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस से कितने नेता पार्टी छोड़कर गए। कई तो विदेशों तक चले गए लेकिन किसी को गद्दार नहीं कहा गया। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि लेकिन कल एक सांसद को इसलिए गद्दार कहा गया क्योंकि वह सिख थे। यह सिखों के प्रति नफरत और पूर्वाग्रह का उदाहरण है। यह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज और गुरुओं का अपमान है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के नारों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने की बात करते हैं, वही ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाते हैं। पीएम मोदी ने सवाल किया कि यह कैसी मोहब्बत है, जो देश के ही एक नागरिक की कब्र खोदने के सपने देखती है? यह किस संविधान और किस संस्कार से सीखा गया है? उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा मानवता का अपमान है लेकिन कांग्रेस को इसका कोई खेद नहीं है।
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के बड़े-बड़े देश भारत के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने को उत्सुक हैं। यूरोपीय यूनियन के साथ ट्रेड डील हो या हाल ही में अमेरिका के साथ हुआ समझौता, पूरी दुनिया इन समझौतों की तारीफ कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सदन में इन समझौतों की विस्तृत जानकारी दी है।
इस दौरान राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाए। इस पर पीएम मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि आदरणीय खरगे जी की उम्र को देखते हुए वे बैठकर भी नारे लगा सकते हैं, यहां युवा सांसद भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशवासियों को ही समस्या मानती है और विपक्ष का एजेंडा केवल नकारात्मकता फैलाने तक सीमित रह गया है।






