National

PM मोदी ने की सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ HPV टीकाकरण की शुरुआत, कांग्रेस पर तीखा हमला

अजमेर में आयोजित कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास और युवाओं को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया, कहा कि कांग्रेस हार की कुंठा में कर रही देश को बदनाम करने की राजनीति

न्यूज डेस्क, 28 फरवरी 2026:

पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रतीकात्मक रूप से पांच किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाया गया। सरकार का लक्ष्य है कि देश में 14 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को मुफ्त टीकाकरण किया जाए। यह टीका तय सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवार की रीढ़ मां होती है। जब मां स्वस्थ रहती है, तो पूरा परिवार हर संकट का सामना मजबूती से करता है। महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना राष्ट्र निर्माण की बुनियाद मजबूत करना है। अजमेर से इस राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत के साथ कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास और युवाओं को नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया गया।

PM Modi Launches HPV Vaccination Drive Nationwide (1)

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार की कुंठा में देश को बदनाम करने की राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री के मुताबिक सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर साहस और पराक्रम का परिचय दिया है लेकिन विपक्षी नेताओं ने इन अभियानों पर भी सवाल खड़े कर दुश्मनों के दुष्प्रचार को आगे बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी कदम देशहित में उठाए जाते हैं, कांग्रेस उसका विरोध करती है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हालिया अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिशें उसी राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने माओवादियों और देशविरोधी ताकतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की प्रगति, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से नफरत करने वाली शक्तियां घात लगाकर वार करती हैं और विपक्ष की बयानबाजी से उन्हें नैतिक बल मिलता है। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश की सुरक्षा और विकास के मोर्चे पर निर्णायक प्रहार हुए हैं और जनता देशहित में खड़े नेतृत्व को लगातार समर्थन दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button