लखनऊ, 24 फरवरी 2026:
होली जैसे बड़े त्योहार से पहले गुझिया और मिठाइयों की मांग तेज हो जाती है। इसी के साथ मिलावटी खोवा, घी व तेल की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। आम लोगों की सेहत से होने वाले खिलवाड़ को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को एफएसडीए की विशेष टीम ने लखनऊ के चारबाग खोवा मंडी में औचक निरीक्षण कर करीब 6 कुंतल संदिग्ध खोया पकड़ा।
मंडी में दो गाड़ियों में बड़ी मात्रा में खोवा लाया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर टीम के अधिकारियों ने दोनों वाहनों की जांच की। एक गाड़ी में लगभग 2 कुंतल और दूसरी में करीब 4 कुंतल खोवा रखा मिला। टीम ने भौतिक परीक्षण के जरिए गुणवत्ता परखी तो प्रथम दृष्टया सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई और संदिग्ध प्रतीत हुई।
इसके बाद मौके से कुल चार नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मौजूद खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे केवल मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण खोवा ही मंडी में लाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में मिलावटी या घटिया गुणवत्ता का उत्पाद पाया गया तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एफएसडीए अधिकारियों के मुताबिक होली से पहले शहरभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिठाई दुकानों, डेयरियों और थोक मंडियों पर लगातार छापेमारी कर नमूने लिए जाएंगे। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे मिठाइयां और दुग्ध उत्पाद केवल भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदें और संदिग्ध सामग्री की सूचना विभाग को दें।






