Lucknow City

डर ने करवाया गुनाह : युवक ने किया सुसाइड, घटना छिपाने की कोशिश में तीन भाई बने आरोपी

लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के बांक नाले में दो दिन पूर्व बोरी में बंधा मिला था युवक का शव, जताई जा रही थी हत्या की आशंका, जांच में घटना का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

एमएम खान

लखनऊ, 26 नवंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के गौतमखेड़ा स्थित बांक नाले में दो दिन पूर्व बोरी में बंधा मिला शव अमित (34) का था। उसने परिवार में विवाद के बाद आत्महत्या कर ली थी। इस घटना को छिपाने के लिए उसके भाइयों ने शव को बोरी में बांधकर नाले में फेंक दिया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मृतक के दो सगे और एक मौसेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के राधाकृष्णखेड़ा निवासी अमित ने 21 नवंबर की रात परिवारीजनों से झगड़े के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अचानक हुई इस घटना से घबराए उसके बड़े भाई बेचालाल, छोटे भाई प्रेम और मौसेरे भाई मुकेश ने शव को छिपाने की योजना बनाई। तीनों ने मिलकर शव को फंदे से नीचे उतारा। उसे दो बोरियों में मौरंग और गिट्टी भरकर बांधा और ऑटो से निगोहां के गौतमखेड़ा क्षेत्र में स्थित बांक नाले में फेंक दिया।

ये भी पढ़ें:

सोमवार को शव मिलने पर हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के दो भाइयों से पूछताछ की तो उन्होंने पूरी सच्चाई स्वीकार कर ली। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण ‘हैंगिंग’ आने से हत्या की आशंकाएं पूरी तरह खत्म हो गईं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि शव को पानी की सतह पर न आने देने के लिए बोरियों में वजन भरा गया था।

Advertisement

एसओ अनुज तिवारी ने बताया कि आत्महत्या के बाद शव ठिकाने लगाने वाले दोनों सगे भाई और मौसेरे भाई मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवारीजनों से तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, बांक नाले में लगातार मिल रहे शवों के मामलों को देखते हुए पुलिस ने इस स्थान को संवेदनशील मानते हुए एक नया पिकेट प्वाइंट बनाया है। अब यहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी।

ये भी पढ़ें  ‘कृष्णावतारम’ की टीम ने सीएम योगी से की मुलाकात...सात मई को रिलीज होगी फिल्म

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link