हरदोई, 25 जनवरी 2026:
सवायजपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि ये गिरोह गांवों में पशु चोरी की वारदातों से दहशत फैला रहा था।
पुलिस के मुताबिक ग्राम सिलवारी निवासी उमेश कुमार ने अपनी कीमती भैंस चोरी होने की सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस दौरान पुलिस टीम वृंदावन चौराहा पर चेकिंग कर रही थी। एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का इशारा किया गया। वाहन चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन की तरफ भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर कार्रवाई की। इसमें अभियुक्त शाहजहांपुर के बुधपाल और बंदायू निवासी देवेंद्र पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं उनके दो साथी रतीपाल और रितिक को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक भैंस, 1 लाख 30 हजार नकद, एक चोरी की पिकअप व चार अवैध तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र से चोरी किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में पशुओं की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर शाहजहांपुर, बदायूं और हरदोई के अलग-अलग थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।






