एमएम खान
मोहनलालगंज, 27 जनवरी 2026:
मोहनलालगंज पुलिस ने अपराध के जरिए कमाई गई संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर गैंगस्टरों की सवा छह लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस ने लूट और चोरी से अर्जित धन से खरीदी गई एक कार और एक ई-रिक्शा को जब्त किया है।
यह कार्रवाई एसीपी विकास पांडे के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी और थाना प्रभारी अनुज तिवारी मोहनलालगंज व निगोहां थाने की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के मुताबिक, थाना मोहनलालगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के तहत आरोपी दीपक यादव उर्फ रंजित यादव निवासी रहीमाबाद और उसके साथी विमल निवासी बंथरा पर कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर लूट, चोरी और अन्य संगीन अपराधों को अंजाम दे रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपराध से कमाए गए पैसों से एक मारुति सुजुकी डिजायर कार और एक ई-रिक्शा खरीदा था। गैंगस्टर एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मोहनलालगंज और निगोहां पुलिस की संयुक्त टीम ने इन वाहनों को कुर्क किया।
कुर्क की गई संपत्ति में मारुति सुजुकी डिजायर कार की कीमत करीब पांच लाख बावन हजार रुपये और ई-रिक्शा की कीमत करीब 73 हजार रुपये आंकी गई है। कुर्क संपत्ति का कुल मूल्य छह लाख 26 हजार रुपये से अधिक बताया गया है। एसीपी विकास पांडे ने बताया कि इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।






