राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 4 अप्रैल 2026:
देहरादून में साइबर क्राइम सेल ने गुम हुए मोबाइल फोन ढूंढने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने अलग-अलग इलाकों से कुल 415 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 70 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है। कम्प्लेन दर्ज कराने वालों को जब उनका गुम हुआ सेट वापस मिला तो चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
गुम हुए मोबाइल की कम्प्लेन दर्ज होने के बाद साइबर क्राइम सेल की टीम ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस का सहारा लिया। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए उत्तराखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों तक नेटवर्क खंगाला गया। लगातार कोशिश के बाद टीम ने एक-एक कर सभी फोन बरामद कर लिए।
शनिवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने ये सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। लंबे समय से फोन खोने से परेशान लोग जब अपने मोबाइल वापस पाए तो उनके चेहरों पर साफ खुशी नजर आई। कई लोगों ने पुलिस टीम का शुक्रिया भी अदा किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सस्ते के लालच में किसी अनजान व्यक्ति से बिना बिल या पहचान के मोबाइल न खरीदें। ऐसे मामलों में अक्सर चोरी के फोन होने की आशंका रहती है, जिससे बाद में कानूनी दिक्कत खड़ी हो सकती है।






