हरदोई, 4 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। कांशीराम कॉलोनी के पास चक्कर रोड पर चोरी के माल का बंटवारा कर रहे बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान संडीला कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले लल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाश समेत कुल पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी को इलाज और पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में अतरौली, संडीला और कासिमपुर थाना क्षेत्रों में हुई पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। इन मामलों की जांच के लिए सीओ संडीला संतोष सिंह की निगरानी में पुलिस की दो टीमें लगातार काम कर रही थीं। मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
नकद, जेवर और हथियार बरामद
मौके से पुलिस ने गड्डीखेड़ा निवासी जमील, मठिया अतरौली निवासी विद्या सागर, रामनगर निवासी सुनील और लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी अनूप को गिरफ्तार किया है। अनूप चोरी के जेवर खरीदने वाला सराफ बताया गया है। आरोपियों के पास से 5.45 लाख रुपये नकद, चोरी के जेवर, एक तमंचा, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को दस हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।






