कोहरे में ट्रक ने ई रिक्शा में मारी ठोकर…लखनऊ व दिल्ली के दो छात्रों की मौत, एक अन्य घायल
कोतवाली शहर क्षेत्र में अमृत सरोवर के निकट हुआ हादसा, घायल छात्र को नाजुक हालत में लखनऊ किया रेफर
हरदोई, 15 जनवरी 2026:
घने कोहरे के कारण गुरुवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के सधई बेहटा के पास अमृत सरोवर के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सड़क हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। ई रिक्शा पर लखनऊ के जानकीपुरम निवासी बीएससी के छात्र हर्ष शर्मा व दिल्ली के जामिया नगर ओखला साउथ निवासी असद अहमद और बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सहजन गांव निवासी अमर प्रताप ई-रिक्शा में सवार थे। ट्रक की ठोकर टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने हर्ष शर्मा और असद अहमद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमर प्रताप की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक और ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






