Hardoi News : पिटाई के बाद अपमान से टूटा 18 साल का युवक, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
बीच गांव में तीन लोगों पर पिटाई का आरोप, घर लौटकर मां को बताई थी पूरी बात, माता-पिता आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचे थे, मेहनतकश बेटे की मौत से सदमे में डूबा परिवार

हरदोई, 6 अक्टूबर 2026:
यूपी के हरदोई में पिटाई के बाद अपमान से आहत 18 वर्षीय युवक ने खुदकुशी कर ली। सुरसा थाना क्षेत्र के ज्यूरा गांव में मंगलवार सुबह उसका शव कमरे में गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। मृतक के पिता का आरोप है कि सोमवार रात बच्चों के बीच विवाद के बाद गांव के तीन लोगों ने उनके बेटे की बीच गांव में पिटाई की थी।
ईंट-भट्ठे पर बेलदारी करता था मनीष
ज्यूरा गांव निवासी मेवाराम का बेटा मनीष ईंट-भट्ठे पर बेलदारी का काम करता था। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा मनीष अविवाहित था। पिता के मुताबिक सोमवार रात गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद तीन लोगों ने मनीष को बीच गांव में पीट दिया।
मां को बताई थी पिटाई की बात
पिता ने बताया कि पिटाई के बाद मनीष काफी आहत था। घर पहुंचकर उसने अपनी मां कमला देवी को पूरी घटना बताई। इसके बाद मेवाराम और उनकी पत्नी आरोपियों के घर पहुंचे और बेटे की पिटाई को लेकर उलाहना दिया। इसके बाद मनीष अपने कमरे में चला गया।
सुबह कमरे में फंदे पर मिला शव
मेवाराम जब मनीष के कमरे की तरफ गए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। सुबह परिजनों ने अंदर झांककर देखा तो मनीष का शव गमछे के सहारे फंदे पर लटका था। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार में पसरा मातम
मेहनतकश बेटे की दुखद मौत से पूरा परिवार सदमे में डूबा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। सुरसा थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे परिजनों की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से दिए जाने वाले शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






