Uttarakhand

हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियां तेज…धामी ने बैठक में दिया दिव्य व भव्य आयोजन पर जोर

हरिद्वार में समीक्षा बैठक, समय पर काम पूरा करने और बेहतर इंतजाम के निर्देश, कहा-कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

योगेंद्र मलिक

हरिद्वार, 21 फरवरी 2026:

मुख्यमंत्री ने शनिवार को हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में किसी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ तय समय सीमा में काम पूरा करें।

मेला नियंत्रण भवन में हुई बैठक में अब तक हुए कार्यों और चल रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली गई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए ताकि काम में पारदर्शिता बनी रहे।

मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन और पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने और ट्रैफिक प्लान पहले से तैयार रखने को कहा गया। कुंभ क्षेत्र में साफ सफाई को सबसे अहम बताते हुए स्वयंसेवी संगठनों की मदद लेने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी खास तैयारी करने को कहा गया। बीमार या जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए बोट और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। घाटों की मजबूती, सुरक्षा रेलिंग और फिसलन रोकने वाली व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर भी जोर रहा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कुंभ शुरू होने से पहले विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाए। भूमि आवंटन और प्रबंधन की निगरानी खुद मेलाधिकारी करेंगे और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए साधु संतों, अखाड़ों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सुझावों को शामिल करने पर भी सहमति बनी। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल और पूर्व मुख्यमंत्री तथा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी अपने सुझाव रखे।

मेलाधिकारी सोनिका ने अब तक स्वीकृत कार्यों की प्रगति और आगे की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में शहरी विकास, लोक निर्माण, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस और रेलवे प्रशासन के अधिकारियों ने भी तैयारियों का ब्यौरा पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button