Uttarakhand

हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार… सीएम धामी ने तय की समयसीमा

सचिवालय में हाई लेवल बैठक, सभी काम 31 अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश, अफसरों से कहा श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव रहे

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 9 फरवरी 2026:

हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसे लेकर सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें कुंभ से जुड़े सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सीएम ने साफ कहा कि कुंभ से जुड़े हर काम को तय वक्त पर पूरा किया जाए। इसके लिए 31 अक्टूबर की डेडलाइन तय की गई है।

सीएम ने अधिकारियों से कहा कि आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की कमी या अव्यवस्था न हो। सभी विभाग एक-दूसरे से जुड़े रहकर काम करें और नियमित समीक्षा की जाए। सड़क, बिजली, पानी, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर खास ध्यान देने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के सचिव और गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि कुंभ हमारी आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन है। इसमें आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सरकार की पहली जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री ने सभी तैयारियों को पुख्ता करने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में कुंभ से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों से कहा गया कि अभी से जमीनी स्तर पर काम तेज किया जाए, ताकि 2027 में होने वाला हरिद्वार कुंभ सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यादगार बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button