विजय पटेल
रायबरेली, 15 जनवरी 2026:
रायबरेली जिले के लालगंज कस्बे में स्थित आनंदा डेयरी पर गुरुवार को इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के चलते पूरे डेयरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह कार्रवाई लालगंज कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मी कोल्ड स्टोरेज परिसर में की गई।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा से आई सात सदस्यीय इनकम टैक्स टीम ने एक साथ आनंदा डेयरी पर दबिश दी। टीम के साथ सीआरपीएफ के करीब 50 जवान भी मौजूद रहे। सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और किसी को अंदर-बाहर आने-जाने की इजाजत नहीं दी गई। छापेमारी के दौरान डेयरी में मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन टीम ने अपने कब्जे में ले लिए। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। कई घंटों से यह कार्रवाई लगातार जारी है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान टीम ने कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और जरूरी कागजात भी जब्त किए हैं। हालांकि, इस बारे में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लालगंज स्थित आनंदा डेयरी कई नामी कंपनियों के लिए दूध संग्रहण का काम करती है। यहां से रायबरेली समेत आसपास के जिलों में दूध की सप्लाई की जाती है।
फिलहाल इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वहीं, आनंदा डेयरी प्रबंधन की तरफ से भी अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सभी की नजरें जांच के नतीजों और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।






