अयोध्या, 31 जनवरी 2026:
राम मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन से पहले समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र मीडिया के सामने आए और मंदिर निर्माण से जुड़ी अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राम मंदिर निर्माण पर करीब 1900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अब तक जीएसटी समेत लगभग 1600 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि 30 अप्रैल तक राम मंदिर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य में लगी एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी साइट से हट जाएंगी। निर्माण पूरा होने के बाद 30 अप्रैल तक सभी बिलों और दस्तावेजों के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी की ओर से मंदिर निर्माण को लेकर तीन साल की गारंटी दी गई है।
नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि मंदिर के रखरखाव के लिए दोनों कंपनियों की एक छोटी यूनिट मंदिर परिसर में ही तैनात रहेगी। यह टीम मेंटेनेंस का काम देखेगी और जरूरत पड़ने पर अपने मुख्यालय से भी तकनीकी मदद लेगी।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में बनने वाले ऑडिटोरियम का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। उम्मीद है कि यह कार्य नवंबर महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण समिति की बैठक में राम कथा संग्रहालय के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। बैठक में तय किया जाएगा कि शेष कार्य किस तरह और किस समय सीमा में पूरे किए जाएं। कैंसर इंस्टीट्यूट के बारे में बताया कि जमीन का हस्तांतरण नहीं हो पाया है डिजाइन तैयार है। जल्द हस्तांतरण हो जाएगा।






