NationalUttar Pradesh

रामनगरी : श्रद्धालुओं के स्वागत को सजधज रहा लक्ष्मण द्वार…आठ माह में पूरा होगा निर्माण

अयोध्या-गोण्डा मार्ग पर 39.70 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण, वास्तुकला की झलक मिलेगी

अयोध्या, 13 फरवरी 2026:

राम मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब अयोध्या में प्रवेश करते ही एक भव्य नजारा देखने को मिलेगा। इसके लिए अयोध्या-गोण्डा मार्ग पर लक्ष्मण द्वार का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसे शहर के नए प्रवेश प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है।

देईपुर कटरा भागचंद्र अहतमाली इलाके में 40 मीटर चौड़ी सड़क पर यह द्वार बनाया जा रहा है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को दी गई है। पूरी परियोजना पर 3,970.50 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं।

पिंक स्टोन से मिलेगा खास लुक

द्वार को पिंक सॉलिड स्टोन से सजाया जाएगा, जिससे इसे पारंपरिक और शाही अंदाज मिलेगा। डिजाइन में अयोध्या की पुरानी वास्तुकला की झलक रखने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार करीब 35 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। लक्ष्य है कि अक्टूबर तक पूरा ढांचा तैयार कर लिया जाए।

श्रद्धालुओं के लिए बनेगा यादगार पड़ाव

राम मंदिर के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में शहर की सड़कों और प्रवेश मार्गों को नया रूप दिया जा रहा है। लक्ष्मण द्वार को सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा प्रतीक बताया जा रहा है। उम्मीद है कि यह जगह आगे चलकर श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और तस्वीरें लेने का खास स्थान बनेगी।

स्थानीय कारोबार को भी सहारा

पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से होटल, दुकानदार और परिवहन कारोबार को पहले ही रफ्तार मिली है। लक्ष्मण द्वार बनने के बाद इस मार्ग की अहमियत और बढ़ेगी, जिससे स्थानीय कारोबार को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button