Entertainment

गणतंत्र दिवस बना इन फिल्मों के लिए लकी डे… हर साल टूटते हैं कलेक्शन के रिकॉर्ड, जानिए बॉर्डर 2 की कमाई

गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की है, जहां पठान अब तक की सबसे सफल फिल्म बनी हुई है। वहीं 23 जनवरी को रिलीज बॉर्डर 2 ने भी रिपब्लिक डे पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है

मनोरंजन डेस्क, 27 जनवरी 2026:

बॉलीवुड में फिल्म निर्माताओं की राष्ट्रीय पर्व और अन्य त्योहारों पर खास नजर रहती है, क्योंकि इन दिनों छुट्टियों का सीधा फायदा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को मिलता है। गणतंत्र दिवस के आसपास रिलीज हुई फिल्मों ने हर साल अच्छी कमाई की है। इस बार भी 26 जनवरी के मौके पर सिनेमाघरों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। हाल ही में रिलीज हुई बॉर्डर 2 ने भी गणतंत्र दिवस पर शानदार कमाई दर्ज की है।

बॉर्डर 2 ने बनाया नया रिकॉर्ड

23 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर 2 ने गणतंत्र दिवस के दिन रिकॉर्डतोड़ कमाई की। रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को इस फिल्म ने 59 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 180 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और वरुण धवन की यह फिल्म साल 1997 में आई बॉर्डर का सीक्वल है और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

'Border 2' Is Among the Biggest Opening Films This Year

गणतंत्र दिवस पर हिट रही पुरानी फिल्में

इससे पहले भी कई फिल्में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होकर सुपरहिट साबित हुई हैं। रंग दे बसंती 26 जनवरी 2006 को रिलीज हुई थी और ओपनिंग डे पर 2.90 करोड़ रुपये कमाए थे। 28 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने 52.91 करोड़ का नेट और 96.90 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। वहीं अग्निपथ साल 2012 में 26 जनवरी को रिलीज हुई और पहले दिन 22.80 करोड़ रुपये कमाकर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म का नेट कलेक्शन 118.20 करोड़ रुपये रहा था।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 12.46.07 PM (1)

अक्षय कुमार की फिल्मों का रहा जलवा

गणतंत्र दिवस पर रिलीज फिल्मों में अक्षय कुमार की कई फिल्मों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। बेबी 23 जनवरी 2015 को रिलीज हुई थी और 26 जनवरी को चौथे दिन 14.92 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 95.57 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 142.98 करोड़ रुपये रहा। वहीं एयरलिफ्ट 22 जनवरी 2016 को रिलीज हुई और गणतंत्र दिवस पर पांचवें दिन 17.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया। 30 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने भारत में 128.10 करोड़ और दुनियाभर में 228 करोड़ रुपये कमाए।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 12.46.07 PM (2)

ऋतिक और रणवीर की फिल्मों का भी दम

ऋतिक रोशन की फिल्म काबिल 25 जनवरी 2017 को रिलीज हुई थी और 26 जनवरी को दूसरे दिन 18.70 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 104.34 करोड़ और वर्ल्डवाइड कमाई 178.10 करोड़ रुपये रही। उसी साल रिलीज हुई रईस ने भी गणतंत्र दिवस पर 26.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके अलावा पद्मावत 25 जनवरी 2018 को रिलीज हुई और 26 जनवरी को 32 करोड़ रुपये कमाकर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म ने भारत में 302.15 करोड़ और वर्ल्डवाइड 585 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

पठान अब तक सबसे आगे, फाइटर भी रही मजबूत

गणतंत्र दिवस पर रिलीज होने वाली फिल्मों में अब तक शाहरुख खान की पठान सबसे सफल फिल्म रही है। 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई इस फिल्म ने 26 जनवरी को 70.5 करोड़ रुपये कमाए थे। पठान ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 543.09 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। वहीं 25 जनवरी 2024 को रिलीज हुई फाइटर ने 26 जनवरी को 39.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म का नेट कलेक्शन 152.25 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 258.75 करोड़ रुपये रहा।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 12.46.07 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button